देश की रक्षा में उत्तराखंड का एक और लाल शहीद….

0

देहरादून : एक बार फिर देश की रक्षा करते हुए शनिवार को उत्तराखंड का एक और लाल शहीद हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जम्मू – कश्मीर के राजौरी जिले के नौसेरा सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की ओर से की गई गोलाबारी में देहरादून के राझावाला (सहसपुर) निवासी लांस नायक संदीप थापा शहीद हो गया है। वह तीसरी गोरखा राइफल्स में तैनात था।

घर में मचा कोहराम…

वहीं उनके शहीद होने की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। संदीप के घर के बाहर लोगों को जमावड़ा लग गया। परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।मालूम हो कि बीती शनिवार की सुबह सुबह 6:30 बजे पाक की ओर से राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में भारी शेलिंग की गई। जिसका जवाब देते हुए लांस नायक संदीप थापा घायल हो गए। घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।जहां उपचार के दौरान वह शहीद हो गए।

रविवार की सुबह सैन्य सम्मान के साथ…

वहीं रविवार की सुबह 11 बजे सैन्य सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर को हवाई सेवा से जॉलीग्रांट एयपोर्ट लाया जाएगा। जहां से उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचेगा। रविवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें प्रेमनगर स्थित घाट पर अंतिम विदाई दी जाएगी।

दोनों छोटे भाई भी सेना में…

पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संदीप थापा करीब डेढ़ दशक पहले सेना में भर्ती हुआ था। उसके दोनों छोटे भाई भी सेना में ही तैनात हैं। शहीद जवान के पिता भगवान सिंह थापा भी सेना से सुबेदार रैंक से रिटायर हुए हैं।

दो साल का एक बेटा…

संदीप का विवाह कुछ साल पहले ही हुआ था। उनका दो साल का एक बेटा है। शहीद की मां व पत्नी का भी रो रोकर बुरा हाल है। लास नायक संदीप थापा की शहादत की खबर मिलते ही आसपास के क्षेत्र के तमाम लोग उसके पैतृक आवास पर जुट गये।