देहरादून: UTTARAKHAND BOMB THREAT उत्तराखंड के चारधाम समेत तमाम धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की ई-मेल और सोशल मीडिया के माध्यम से मिली धमकियों के बाद राज्य सरकार एवं सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. संभावित खतरे को देखते हुए चारधाम यात्रा मार्गों, मंदिर परिसरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और ज्यादा मजबूत किया गया है.
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने डीजीपी से की बात
इसी कड़ी में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ से दूरभाष पर बातचीत की. जिसमें उन्होंने चारों धामों समेत खासकर केदारनाथ और बदरीनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली एवं आवश्यक सुझाव साझा किए.
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल और सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में सुरक्षा के पर्याप्त एवं सुदृढ़ इंतजाम किए गए हैं. पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं. जो हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं. सुरक्षा बलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष निर्देश भी दिए गए हैं.
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसरों, यात्रा मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है. सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. बीकेटीसी प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर तीर्थयात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रख रहा है. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं.
“सोशल मीडिया और ई-मेल के माध्यम से बम धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साइबर विशेषज्ञों और खुफिया एजेंसियों की मदद से धमकियों के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियां मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है.”- हेमंत द्विवेदी, अध्यक्ष, बीकेटीसी
पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रूप से चल रही चारधाम यात्रा
उन्होंने स्पष्ट किया कि धमकियों के बावजूद चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो रही है. यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारना, बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य बनी हुई है. कहीं भी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है. यात्रा मार्गों पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं. ताकि, श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.
किसी तरह की अफवाह पर ध्यान ना दें यात्री
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि राज्य सरकार, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मिलकर यात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही हैं. उन्होंने प्रदेशवासियों, श्रद्धालुओं और यात्रियों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट सूचनाओं से भ्रमित होने की आवश्यकता नहीं है.
















