कांग्रेस में शामिल हुए भाजपा नेता हेम व नीमा आर्या

0

भाजपा नेता हेम आर्या मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य पत्नी नीमा के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्या की नाराजगी और गैर मौजूदगी के बावजूद स्वराज आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह और नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश ने माला पहनाकर सदस्यता दिलाई। इस दौरान हेम ने भाजपा छोड़कर आए 200 कार्यकर्ताओं की सूची प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी। संचालन जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल और महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने किया। कार्यक्रम के बीच स्वराज आश्रम में कांग्रेसियों में जश्न का माहौल रहा।

प्रीतम सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह कांग्रेस सरकार न होने के बावजूद कोई पार्टी में आना चाहता है तो खुलकर स्वागत है। हेम के आने से संगठन मजबूत होगा। सरिता आर्या से बात हो चुकी है। उन्हें अहमदाबाद जाना था, इसलिए कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाईं।

डा. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस में जो भी आना चाहता है, कार्यकर्ता के रूप में उसका बिना शर्त स्वागत है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मिस्ड कॉल के जरिये सदस्यता अभियान शुरू किया है। हेम की ज्वाइनिंग का कार्यक्रम तीन बार टल चुका था, इसलिए राहुल गांधी के जन्म दिन पर यह कार्यक्रम रखा गया।

भाजपा ने 22 साल की मेरी मेहनत को कुछ नहीं समझा

हेम आर्या ने कहा कि उन्होंने भाजपा की 22 साल सेवा की। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले पार्टी में शामिल हुए व्यक्ति को नैनीताल से टिकट दे दिया। पार्टी ने मेरी वर्षों की मेहनत को कुछ नहीं समझा। भाजपा अब अटल, आडवाणी और मुरली मनोहर के समय वाली पार्टी नहीं रही। अब भाजपा में भ्रष्टाचारियों को तवज्जो दी जाती है। मैं किसी शर्त पर कांग्रेस में शामिल नहीं हुआ हूं।

हेम ने कहा कि सरिता आर्या से ज्वाइनिंग को लेकर सबसे पहले नैनीताल नगर अध्यक्ष मारुति साह के आवास पर बात हुई थी। ज्वाइन कार्यक्रम कई बार टल चुका था। निकाय चुनाव सिर पर हैं, इसलिए देरी ठीक नहीं थी। मेरी सरिता से नाराजगी नहीं है। पार्टी विस चुनाव सरिता को टिकट देगी तो उन्हें जिताने में पूरा योगदान दूंगा।

LEAVE A REPLY