Paper Leak Row : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
CJP Protest : जंतर-मंतर पर इंटरनेट बंद, वांगचुक का वजन 11 KG घटा; अबतक कितनी FIR
पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने कहा, पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने, मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा।
‘अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश’
उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभागों और अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दे दिए गए हैं। पीएम मोदी ने कहा, विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक अहम कदम है।
‘दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा’
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री की ओर से यह घोषणा तब की गई है, जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में छात्रों-युवाओं का प्रदर्शन जारी है।
गृह मंत्री अमित शाह ने क्या कहा?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, युवाओं का हित और उनका उज्ज्वल भविष्य मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता भी है और संकल्प भी। प्रधानमंत्री जी द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट्स के गठन से पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित सुनवाई और कठोर कार्रवाई का निर्णय इसी का प्रतिबिंब है। पेपर लीक के कारण युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का यह अहम कदम मील का पत्थर साबित होगा।
प्रियंका गांधी ने छात्रों से बातचीत की मांग की
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को केंद्र सरकार से प्रदर्शन कर रहे छात्रों की बात सुनने और उनसे बातचीत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्रों का व्यवस्था से भरोसा उठ गया है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों पर ध्यान देना चाहिए। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, प्रदर्शनकारियों पर कथित हमले की जांच और अन्य मांगें शामिल हैं।
उन्होंने कहा, वह एक नेता हैं और अब नेतृत्व दिखाने का समय आ गया है। छात्रों की मांगों को सुनिए। वे मंत्री के इस्तीफे और जिन लोगों ने उन्हें पीटा, उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। छात्रों का व्यवस्था से भरोसा उठ गया है। अगर आप व्यवस्था के भीतर रहकर कोई समाधान देंगे, तो छात्र उसे स्वीकार नहीं करेंगे।
उन्होंने आगे कहा, समाधान तभी निकलेगा, जब आप छात्रों की मांगें मानेंगे। आप कहते हैं कि आपको छात्रों पर भरोसा है, लेकिन कल रात उन्हीं पर लाठीचार्ज किया गया। अगर आपको छात्रों पर भरोसा है तो उन पर लाठीचार्ज क्यों हुआ? अगर आपको उनकी चिंता है, तो उन्हें बुलाकर बात कीजिए।





















