Chhattisgarh: राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव के लिए जारी हुई अधिसूचना

0

रायपुर। चुनाव आयोग ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ की दो और विभिन्न राज्यों की कुल 55 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 13 मार्च तय की गई है। वहीं, जिन राज्यों में मतदान की आवश्यकता होगी वहां 26 मार्च को वोट डाले जाएंगे और उसी दिन शाम को मतगणना होगी।

छत्तीसगढ़ विधानसभा में सदस्यों की संख्या को देखते हुए राज्य में मतदान की नौबत आने की संभावना बहुत कम है। राज्य के कोटे की जो दो सीटें खाली हो रही हैं उसमें एक सीट से वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा और दूसरी से भाजपा के रणविजय सिंह जूदेव राज्यसभा सदस्य हैं। दोनों का कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त हो रहा है। विधानसभा में सदस्यों की संख्या के लिहाज से इस बार एक सीट पर भी भाजपा की जीत मुश्किल दिख रही है।प्रदेश में राज्यसभा की कुल पांच सीटें हैं। फिलहाल इनमें से तीन भाजपा और दो कांग्रेस के पास है।

छत्तीसगढ़ में 15 वर्ष तक सत्ता में रही भाजपा विधानसभा में बहुमत के आधार पर अब तक राज्यसभा की तीन सीटों पर लगातार कब्जा किए हुए थी। वहीं, दो सीट लगातार कांग्रेस को दी जा रही थी। इस बार विधानसभा में पार्टी की सदस्य संख्या इतनी भी नहीं है कि वह एक सीट भी बचा सके। ऐसे में एक-एक कर तीनों सीटें भाजपा से छिन सकती है। राज्य कोटे की दो राज्यसभा की सीट इस वर्ष अप्रैल में खाली हो रही हैं। जून 2022 में दो सीट रिक्त होंगी। इसमें भाजपा और कांग्रेस के पास एक-एक सीट है। भाजपा के हिस्से वाली पांचवी सीट अप्रैल 2024 में खाली होगी।

विधायक करते हैं मतदान

राज्यसभा का सदस्य चुनने के लिए विधायक मतदान करते हैं। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 69 सदस्य हैं। वहीं, भाजपा के 14, बसपा के दो और जकांछ के पांच सदस्य हैं।

पार्टी विधानसभा लोकसभा राज्यसभा
कांग्रेस 69 10 03
भाजपा 14 02 02
बसपा 02 00 00
जकांछ 05 00 00
कुल 90 12 05
छत्तीसगढ़ के राज्यसभा सदस्य

मोतीलाल वोरा कांग्रेस 10 अप्रैल 2014 09 अप्रैल 2020
रणविजय सिंह भाजपा 10 अप्रैल 2014 09 अप्रैल 2020
रामविचार भाजपा 30 जून 2016 9 जून 2022
छाया वर्मा कांग्रेस 30 जून 2016 29 जून 2022
सरोज पाण्डेय भाजपा 03 अप्रैल 2018 2 अप्रैल 2024
राज्यसभा के लिए चुनाव कार्यक्रम

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि- 13 मार्च
नामांकन पत्रों की जांच- 16 मार्च
नाम वापसी की तारीख- 18 मार्च
मतदान की तारीख 26 मार्च
मतदान का समय- सुबह नौ से शाम पांच बजे
मतगणना- 26 मार्च को शाम पांच बजे से

LEAVE A REPLY