ग्रामीण का रुपयों से भरा बैग लूटकर भागने वाला आरोपित गिरफ्तार

0

रुड़की। लक्सर क्षेत्र के एक ग्रामीण से नकदी भरा बैग लूटकर फरार हुए एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटी गई कुछ रकम बरामद हुई है, जबकि उसका एक साथी फरार है। पुलिस फरार आरोपित की तलाश कर रही है।

लक्सर क्षेत्र के मोहम्मदपुर बुजुर्ग गांव निवासी देशराज कलियर के मेहवड़ में बेटी की मंगनी करने गया था। देर रात को वह लौट रहा था। नगर निगम पुल के पास रात के समय देशराज अपने परिवार के लोगों से फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान दो युवक वहां पर आए। दोनों युवकों ने देशराज से रुपयों भरा बैग छीन लिया और वहां से फरार हो गए।

देशराज ने शोर मचाया, लेकिन आरोपित हाथ नहीं आए। बैग में 22 हजार की रकम थी। पुलिस ने भी आरोपितों की तलाश की। पुलिस ने फुटेज के आधार पर एक आरोपित को चिह्नित कर लिया। पुलिस ने इस मामले शहजाद निवासी बंदारोड, सिविललाइंस कोतवाली को देर रात ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 16 हजार की रकम बरामद की।

आरोपित ने बताया कि वारदात में उसका एक साथी शकील निवासी सती मोहल्ला भी शामिल था। उसे अपने साथी को साढ़े पांच हजार की रकम दी थी। आरोपित ने बताया कि वह भी ट्रेन से दिल्ली भागने की फिराक में था। पुलिस आरोपित के साथी को तलाश कर रही है।

पत्नी पर लाखों के जेवरात ले जाने का आरोप

पत्नी पर लाखों के जेवरात मायके ले जाने का आरोप लगाते हुए पति ने पुलिस से शिकायत की है। आरोप है कि पत्नी ने अपनी पहली शादी की बात छिपाई है। वहीं इस मामले में पत्नी पक्ष ने भी पति पक्ष पर आरोप लगाए हैं।

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक कॉलोनी निवासी युवक की शादी करीब छह माह पहले गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के एक कॉलोनी निवासी युवती से हुई। कुछ समय से पति पत्नी में विवाद है। विवाहिता की कुछ दिन से तबीयत खराब हो गई तो वह मायके आ गई। विवाहिता का उपचार चल रहा है।

युवक पक्ष के लोग सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और विवाहिता पर घर से लाखों के जेवरात ले जाने का आरोप लगाया। साथ ही आरोप लगाया कि विवाहिता की पहले शादी हो चुकी और उसने अपने पहले पति से तलाक ले रखा है। यह बात युवक से छिपाई गई है।

LEAVE A REPLY