रवनीत बिट्टू व बिट्टू का लुधियाना में पुतला फूंकते भाजपा कार्यकर्ता।

0
political
political

चंडीगढ़। कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा पर हुए हमले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गैर जिम्मेदाराना बयान दिया है कि उन पर हमला मैंने करवाया है। पुलिस किसानों पर पर्चे दर्ज करने के बजाय मुझ पर केस दर्ज करे। किसान कृषि सुधार कानून के खिलाफ अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे समय में उन पर पर्चे दर्ज न किए जाएं।

बिट्टू बुधवार को माछीवाड़ा में अपने नाना डोगर सिंह कून्नर के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कृषि कानूनों के खिलाफ लोगों में आक्रोश है। इसी का नतीजा है कि भाजपा प्रधान पर हमला हुआ है। किसान अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क व रेल ट्रैक पर बैठे हैं और भाजपा प्रधान हूटर मारकर निकल रहे हैं तो इसका नतीजा यही होना था। अगर आगे भी भाजपा नेताओं पर हमले होते हैं तो इसकी भी जिम्मेदारी मैं लेता हूं। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के बारे में बिट्टू ने कहा कि उन्हें किसानों का साथ देना चाहिए था, लेकिन उन्हें गद्दी पसंद है। पंजाब भाजपा के नेता केंद्र सरकार पर दबाव बनाएं और इन कानूनों को रद करवाएं।

वहीं, बिट्टू के बयान से गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने वीरवार को घंटाघर स्थित भाजपा के जिला मुख्यालय के सामने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह व लोकसभा सदस्य रवनीत सिंह बिट्टू का पुतला फूंका। भाजपा के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंगला व जिला महासचिव कंतेन्दु शर्मा की देखरेख में हुए इस प्रदर्शन के दौरान पंजाब सरकार, मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह व लोकसभा सदस्य रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ नारेबाजी हुई।

पुष्पेंद्र सिंगला ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पर हमला निंदनीय है। इस बाबत रवनीत सिंह बिट्टू का बयान बेहद गैर जिम्मेदाराना है। कांत इंदु शर्मा ने कहा लोकसभा का सदस्य होने के बावजूद बिट्टू ने हमले की जिम्मेदारी वाला मोहल्ला टाइप नेता जैसा बयान दिया है। यह हमारे लिए जले पर नमक जैसा है। हमारी मांग है की हमले के आरोपितों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। ऐसा न होने पर भाजपा अपना आंदोलन और तेज करेगी। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सुनील मोदगिल भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY