Rajasthan : नीट पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार को कांग्रेस ने बीजेपी मुख्यालय के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से पैदल मार्च करते हुए शहीद स्मारक के रास्ते बीजेपी कार्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शन के चलते पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
Vijay Cabinet Expansion : विजय कैबिनेट का विस्तार, TVK के 21 और कांग्रेस के 2 विधायकों ने ली शपथ
बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता, पुलिस ने चलाई वाटर कैनन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में कई जगह बैरिकेड्स लगाए थे, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। बीजेपी मुख्यालय की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
“नीट का पेपर कहां मिलेगा, बीजेपी के बाड़े में” के लगे नारे
प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने “नीट का पेपर कहां मिलेगा, बीजेपी के बाड़े में” जैसे नारे लगाए, जिससे माहौल और गरमा गया।
डोटासरा ने NTA भंग करने और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से लगातार NEET पेपर लीक हो रहा है और अब एजेंसी पर लोगों का भरोसा नहीं बचा है।
डोटासरा ने NTA को भंग करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि 22 लाख छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और सिर्फ CBI जांच पर्याप्त नहीं है। कांग्रेस की मांग है कि पूरे मामले की जांच कोर्ट की निगरानी में कराई जाए।
बुधवार को भी पूरे राजस्थान में हुए थे प्रदर्शन
इससे पहले बुधवार को भी कांग्रेस ने पूरे राजस्थान में NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किए थे। कई जिलों में धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।




















