Bhuvan Chandra Khanduri Death : पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का निधन,पीएम मोदी ने जताया शोक

0

देहरादून: Bhuvan Chandra Khanduri Death  उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रिटायर्ड मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी का निधन हो गया है. बीसी खंडूड़ी के निधन के बाद देशभर से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बीसी खंडूड़ी के निधन पर दुख जताया है. पीएम मोदी ने भी बीजेपी के सिपाही रहे बीसी खंडूड़ी के निधन पर शोक व्यक्त किया है.

Citizenship of India : नागरिकता नियम में हुआ संशोधन, पाकिस्तान समेत इन देशों के आवेदकों के लिए नया नियम लागू

पीएम मोदी ने बीसी खंडूड़ी को याद करते हुए लिखा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूडी (सेवानिवृत्त) जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है. सशस्त्र बलों से लेकर राजनीतिक जगत में उन्होंने बहुमूल्य योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा.

उत्तराखंड के विकास के लिए वे हमेशा समर्पित रहे, जो मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में भी साफ तौर पर दिखा. केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उनका कार्यकाल हर किसी को प्रेरित करने वाला है. देशभर में कनेक्टिविटी की बेहतरी के लिए उन्होंने निरंतर अथक प्रयास किए. शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और समर्थकों के साथ हैं. ओम शांति!

वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी बीसी खंडूड़ी के निधन पर दुख जताया है. भाजपा के वरिष्ठ नेता, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूडी (सेवानिवृत्त) जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा एवं सुशासन के उच्च आदर्शों के प्रति समर्पित किया. उत्तराखंड की विकास यात्रा में उनका योगदान तथा केंद्र सरकार में सड़क परिवहन मंत्री के रूप में उनकी भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकसंतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें.

बीसी खंड़ूड़ी ने निधन पर उत्तराखंड कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत ने कहा उनका निधन बहुत बड़ी क्षति है. उन्होंने कहा एक सैनिक के रूप में जितने शानदार रहे उतने ही वह व्यक्ति के रूप में भी शानदार थे.

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय परिवहन मंत्री सेनि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का आकस्मिक निधन प्रदेश और देश के लिए अपूर्णीय क्षति है. उनका पूरा जीवन देश सेवा और समाज सेवा को समर्पित रहा है. भारतीय सेना में उच्च पद से लेकर केंद्र सरकार में मंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में देश और प्रदेश के उत्थान के लिए उनके प्रयासों को कभी नहीं भुलाया जा सकता है.

गणेश गोदियाल ने उनसे जुड़ा एक वाक्या साझा किया. उन्होंने कहा जब वह केंद्र में सड़क परिवहन मंत्री हुआ करते थे, तब पौड़ी जिले में एनएच प्रपोजल था. कांग्रेस में होने के बावजूद जब मैंने इस प्रपोजल को उनके समक्ष रखा, उस समय उनके साथ अधिकारी प्रभात कुमार सारंगी हुआ करते थे, उन्होंने इस समय उन अधिकारी को प्रपोजल सौंपते हुए कहा कि अगर यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग बनेगी तो क्षेत्र का काफी विकास होगा. उनकी सोच दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हुआ करती थी. उनका असमय चले जाना हम सबके लिए असीमित दुख का विषय है. उनके निधन पर कांग्रेस पार्टी के विधायकों और कांग्रेस जनों ने भी गहरा शोक प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है.

Petrol Diesel Price Hike : फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा

LEAVE A REPLY