अलीगढ़। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हिंसक प्रदर्शन के बाद लम्बे समय से बंद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में पठन-पाठन का काम आज से शुरू होगा। 15 दिसंबर से बाद से बंद एएमयू में आज पांच संकाय खोले जाएंगे। इसके बाद माहौल को देखने के बाद धीरे-धीरे अन्य विभाग में भी शिक्षण का काम होगा। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कुलपति तारिक मंसूर ने पुलिस से खुद के लिए सुरक्षा भी मांगी है।
https://galaxymedia.co.in/?p=42552
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) शीतकालीन अवकाश के बाद छह जनवरी को खुलने वाली थी। माहौल में तनाव को देखते हुए यहां पर अवकाश को बढ़ा दिया गया था। आज से यूनिवर्सिटी के पांच विभागों को खोलने का निर्णय लिया गया है। पहले चरण में मेडिसिन, यूनानी मेडिसिन, प्रबंधन शिक्षा संकाय और जाकिर हुसैन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी विभाग में पठन-पाठन का काम होगा। इन सभी विभाग में शेष परीक्षाएं 16 जनवरी से शुरू होंगी।
विधि, कॉमर्स, विज्ञान, जीव विज्ञान और कृषि विज्ञान संकाय दूसरे चरण में 20 जनवरी को खुलेंगे और उनकी परीक्षाएं 23 जनवरी से शुरू होंगी। इसके बाद कला, सामाजिक विज्ञान, अंतरराष्ट्रीय अध्ययन और धर्म शास्त्र, पॉलीटेक्निक्स और सामुदायिक कॉलेज तीसरे चरण के तहत 24 जनवरी से खुलेंगे और इनकी परीक्षाएं 27 जनवरी से शुरू होंगी। पढ़ाई संबंधी सभी कार्य 24 जनवरी के बाद से सुचारू रुप से प्रारंभ हो जाएगी।
हिंसा के बाद बंद हुआ था कैंपस
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन 15 दिसंबर को यहां पर अचानक हिंसक हो गया। शरारती तत्वों ने इस दौरान गेट को भी तोड़ दिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों का आमना सामन हुआ तो पत्थरबाजी भी हुई।



















